पश्चिमी सिंहभूम, नोवामुंडी थाना क्षेत्र में स्थित मां काली मंदिर के पास शनिवार को एक सड़क हादसे में स्कूटी चला रही महिला और एक बच्चा घायल हो गए। घटना उस वक्त हुई जब एक बच्चा अचानक सड़क पार करने लगा और स्कूटी की चपेट में आ गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर गिर पड़ा।
पंचायत अध्यक्ष ने दिखाई तत्परता
हादसे के तुरंत बाद मंदिर के पुजारी और कांग्रेस के महुदी पंचायत अध्यक्ष सुरेश प्रजापति ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को तुरंत सड़क से उठाया। उन्होंने अपनी निजी गाड़ी से उन्हें तत्काल टिस्को अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय पर इलाज संभव हो सका। उनके इस सराहनीय कार्य की स्थानीय लोग प्रशंसा कर रहे हैं।
घायलों की हालत सामान्य
घायलों की पहचान बसंती बेहरा उर्फ जुली (निवासी लखनसाई कुमार टोली) के रूप में हुई है। बच्चे को मुंह के बल गिरने से हल्की चोटें आई हैं, जबकि महिला के कंधे में चोट लगी है। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही नोवामुंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूटी को जब्त कर थाने ले गई। सब-इंस्पेक्टर अभिनय कुमार दलबल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया।
मंदिर में भीड़ के बीच हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार को मंदिर में प्रसाद लेने के लिए बच्चों की भीड़ रहती है। इसी दौरान यह हादसा हुआ, जिसने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सतर्कता की जरूरत को उजागर कर दिया है।









