धनबाद के मनईटांड़ स्थित राजपति साव कॉलोनी में एक पालतू कुत्तिया ‘कुकू’ के प्रति परिवार के प्रेम ने मानवता की मिसाल पेश की है। सानू धारा के परिवार ने अपनी चार वर्षीय डॉग कुकू का जन्मदिन किसी इंसान की तरह पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ मनाया। अब यह बेजुबान जानवर इस घर के लिए महज एक पालतू जीव नहीं, बल्कि परिवार का एक अभिन्न हिस्सा बन चुका है।
गुरुवार को आयोजित इस खास समारोह के लिए सानू के घर को रंग-बिरंगे गुब्बारों और रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया था। कुकू के लिए विशेष रूप से नए कपड़े तैयार कराए गए थे और आकर्षण का केंद्र रहा वह दो पाउंड का स्पेशल केक, जिस पर कुकू की तस्वीर बनी हुई थी। जैसे ही कुकू ने अपना जन्मदिन मनाया, घर में मौजूद मेहमानों और परिजनों ने उत्साह के साथ उसका अभिनंदन किया।
इस अनोखे जश्न में शामिल होने के लिए सानू के मित्र और कॉलोनी के कई लोग खास तौर पर आमंत्रित किए गए थे। मेहमान भी खाली हाथ नहीं आए और कुकू के लिए विभिन्न प्रकार के खिलौने, आकर्षक तस्वीरें और कई अन्य उपहार लेकर पहुंचे। सानू धारा ने बताया कि कुकू पिछले चार वर्षों से उनके हर सुख-दुख की साक्षी रही है और बेजुबान जानवरों को दिया गया सम्मान ही सच्ची इंसानियत है। परिवार हर साल इसी तरह कुकू का जन्मदिन मनाकर समाज में पशु प्रेम का संदेश देता है।









