जमशेदपुर में साकची-डिमना रूट पर ऑटो से सफर करने वाले यात्रियों को अब अधिक किराया देना होगा। शिक्षित बेरोजगार ऑटो चालक संघ ने ईंधन, वाहन रखरखाव, बीमा और स्पेयर पार्ट्स की बढ़ती लागत को देखते हुए किराये में 5 रुपये तक की बढ़ोतरी का फैसला किया है। नई दरें 22 जून 2026 से प्रभावी होंगी।
संघ के स्टैंड संचालक चंदन गोराई ने बताया कि डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों के साथ-साथ वाहन संचालन की लागत में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में ऑटो चालकों के लिए पुराने किराये पर संचालन करना मुश्किल हो गया था, जिसके कारण किराया बढ़ाने का निर्णय लिया गया। संघ ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित किराया केवल स्टैंड से स्टैंड तक की यात्रा के लिए मान्य होगा। यदि कोई यात्री निर्धारित स्टैंड से आगे तक जाता है तो उससे अतिरिक्त किराया लिया जाएगा।
22 जून 2026 से लागू नई किराया दरें
- साकची से हीरा होटल: ₹15 (कोई बदलाव नहीं)
- साकची से एमजीएम अस्पताल: ₹20 से बढ़ाकर ₹25
- मानगो चौक से डिमना चौक: ₹15 (कोई बदलाव नहीं)
- मानगो चौक से एमजीएम अस्पताल: ₹15 से बढ़ाकर ₹20
- लोकल उतार-चढ़ाव: ₹10 (कोई बदलाव नहीं)
नई दरों के लागू होने के बाद इस रूट पर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने की संभावना है।
