सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जमशेदपुर के मानगो जवाहरनगर रोड नंबर-14 निवासी मोहम्मद सलमान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सलमान अपने दो दोस्तों के साथ पुड़ीसिल्ली स्थित लक्ष्मी ईंट भट्टा के समीप नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया,

लेकिन गहराई और तेज बहाव के कारण वह पानी में लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कपाली पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक चले खोज अभियान के बाद गोताखोरों ने युवक का शव नदी से बाहर निकाला। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। जवान बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण डूबना बताया गया है। मामले की जांच जारी है।
