जमशेदपुर: मानगो के उलीडीह ओपी क्षेत्र स्थित खड़िया बस्ती में मंगलवार देर रात हुई फायरिंग की घटना में घायल 24 वर्षीय देवदास गौड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद मामला हत्या में बदल गया है। पुलिस जांच में देवदास को अस्पताल पहुंचाने वाले उसके साथी देवाशीष पोद्दार, नीरज प्रधान और आरआईटी थाना में पदस्थापित एएसआई पंकज कुमार के बयानों में विरोधाभास पाया गया। इसके बाद तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जांच में सामने आया है कि घटना किसी बाहरी हमले की नहीं, बल्कि दोस्तों के बीच हुए विवाद का नतीजा थी। पुलिस के अनुसार, सभी लोग खड़िया बस्ती में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर कथित तौर पर देवाशीष पोद्दार ने देवदास पर गोली चला दी। पुलिस ने घटनास्थल से चार ग्लास, खून के निशान समेत कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा भी जब्त कर लिया गया है। वहीं कपाली क्षेत्र से जमीन से जुड़े कुछ दस्तावेज मिलने के बाद जमीन विवाद के पहलू की भी जांच की जा रही है।

एमजीएम थाना प्रभारी सचिन दास ने बताया कि मामले से जुड़े लोग लगातार बयान बदल रहे थे और घटना के समय सभी नशे की हालत में थे। देवदास की मौत के बाद पुलिस हत्या की धाराओं में आगे की कार्रवाई कर रही है।
