लगातार दुर्घटनाओं से लोगों में नाराजगी, हाईवे सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल,
चांडिल/सरायकेला: टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर सोमवार सुबह एक और दर्दनाक सड़क हादसे में चिलगु निवासी जितेन दास की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह किसी काम से जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे टाटा-रांची मुख्य मार्ग पर घंटों यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि NH-33 के इस हिस्से में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने और तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझाकर जाम हटवाया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और संबंधित वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से हाईवे पर स्पीड कंट्रोल व्यवस्था, चेतावनी संकेतक, स्ट्रीट लाइट और अन्य सुरक्षा उपायों को जल्द लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
