पोटका: ‘एक भी वास्तविक वोटर SIR से न छूटे’, प्रखंड दिवस में पहुंचे विधायक संजीव सरदार ने आवास योजना में भी पारदर्शिता के दिए निर्देश

"पोटका में एक्शन मोड में विधायक संजीव सरदार: 21 हजार ऑनमैप्ड वोटरों को लेकर सीओ को दिए कड़े निर्देश।"

Johar News Times
3 Min Read

प्रखंड दिवस के विशेष अवसर पर मंगलवार को पोटका के विधायक संजीव सरदार प्रखंड मुख्यालय पहुंचे। यहां जनप्रतिनिधि कक्ष में बैठकर उन्होंने क्षेत्र के ग्रामीणों की विभिन्न समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों की शिकायतों को विधायक ने बेहद गंभीरता से लिया।

वोटर लिस्ट मैपिंग की समीक्षा: 21 हजार मतदाता अब भी ऑनमैप्ड

बैठक के दौरान विधायक संजीव सरदार ने अंचलाधिकारी निकिता बाला से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति रिपोर्ट मांगी। अंचलाधिकारी ने बताया कि प्रखंड में अभी भी लगभग 21 हजार मतदाता ऑनमैप्ड हैं, जिन्हें मतदाता सूची में सही तरीके से मैप करने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।

इस पर विधायक ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा:

“प्रशासन और राजनीतिक दल आपसी समन्वय से काम करें। यह हर हाल में सुनिश्चित किया जाए कि क्षेत्र का एक भी वास्तविक मतदाता एसआईआर प्रक्रिया से वंचित न रहे। लोकतंत्र में हर वोट कीमती है।”

इसके साथ ही उन्होंने झामुमो से जुड़े सभी बीएलए को इस अभियान में स्थानीय प्रशासन का सक्रिय सहयोग करने का निर्देश दिया।

PM आवास योजना में मनमानी पर रोक, पारदर्शिता पर जोर

बैठक में कुलडीहा पंचायत से पहुंचे ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना में आ रही दिक्कतों और विसंगतियों को लेकर विधायक से शिकायत की। ग्रामीणों की बात सुनने के बाद विधायक ने प्रखंड समन्वयक राजेश प्रसाद को तलब किया और स्पष्ट लहजे में निर्देश दिया:

“आवास योजना के लाभुकों के चयन के लिए ग्रामसभा का आयोजन पूरी तरह से पारदर्शी होना चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर मनमानी, भाई-भतीजावाद या पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पहले चरण में केवल और केवल जरूरतमंद और पात्र परिवारों को ही प्राथमिकता के आधार पर आवास का लाभ मिलना चाहिए।”

जनहित सर्वोपरि, संवेदनशील रहे प्रशासन: संजीव सरदार

विधायक संजीव सरदार ने अधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल से ही विकास योजनाओं का सही क्रियान्वयन संभव है, इसलिए अधिकारी आम जनता की शिकायतों को लेकर संवेदनशील रहें।

इस अवसर पर मुख्य रूप से झामुमो नेता सुधीर सोरेन, हितेश भगत, लाथरो टुडू, बिरेन पात्र, मनोरंजन सरदार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और विभिन्न पंचायतों से आए ग्रामीण उपस्थित थे।

Share This Article