भारतीय मूल की नित्या रमन लॉस एंजिलिस मेयर चुनाव की दौड़ में, नवंबर में मौजूदा मेयर करेन बास को देंगी चुनौती

भारतीय मूल की नित्या रमन लॉस एंजिलिस मेयर चुनाव की दौड़ में, नवंबर में मौजूदा मेयर करेन बास को देंगी चुनौती

Johar News Times
2 Min Read

लॉस एंजिलिस: भारतीय मूल की अमेरिकी नेता और सिटी काउंसिल सदस्य नित्या रमन ने लॉस एंजिलिस मेयर चुनाव में महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए जनरल इलेक्शन में जगह बना ली है। उन्होंने पूर्व रियलिटी टीवी स्टार स्पेंसर प्रैट को पीछे छोड़कर दूसरा स्थान हासिल किया और अब नवंबर में मौजूदा मेयर करेन बास को चुनौती देंगी। नित्या रमन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर मतदाताओं, स्वयंसेवकों और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि हजारों लोगों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

हालांकि यह चुनाव आधिकारिक रूप से गैर-दलीय है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नवंबर का मुकाबला लॉस एंजिलिस की प्रगतिशील राजनीति की दिशा तय करने वाला साबित हो सकता है। राजनीति में आने से पहले नित्या रमन बेघर लोगों के मुद्दों पर सक्रिय रूप से काम करती रही हैं। उन्होंने वर्ष 2028 में होने वाले लॉस एंजिलिस ओलंपिक से पहले शहर में सड़कों और अस्थायी शिविरों में रहने वाले बेघर लोगों की संख्या आधी करने का लक्ष्य रखा है।

हार्वर्ड यूनिवर्सिटी और मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) से शिक्षित नित्या रमन पेशे से शहरी योजनाकार हैं। वर्ष 2020 में वह लॉस एंजिलिस सिटी काउंसिल के लिए चुनी जाने वाली पहली एशियाई-अमेरिकी महिला और पहली दक्षिण एशियाई मूल की सदस्य बनी थीं। मार्च 2024 में उन्होंने भारी मतों से दूसरा कार्यकाल भी हासिल किया था। सिटी काउंसिल में रहते हुए नित्या रमन ने बेघर लोगों के लिए सेवाओं के विस्तार, किफायती आवास निर्माण और जलवायु लक्ष्यों को आगे बढ़ाने जैसे मुद्दों को प्राथमिकता दी है। अब उनकी नजर लॉस एंजिलिस के सर्वोच्च नगर पद पर है, जहां नवंबर में उनका सीधा मुकाबला करेन बास से होगा।

Share This Article