नई दिल्ली: वरिष्ठ टीवी पत्रकार अंजना ओम कश्यप और टीवी टुडे नेटवर्क ने लोकप्रिय शिक्षक और कोचिंग संचालक फैसल खान उर्फ खान सर के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में 2 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा दायर किया है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि खान सर ने पत्रकार और मीडिया संस्थान के खिलाफ अपमानजनक और मानहानिकारक टिप्पणियां की हैं। याचिका के अनुसार, खान सर ने कथित तौर पर अंजना ओम कश्यप और उनकी रिपोर्टिंग को लेकर “बिकाऊ पत्रकार”, “चाटुकार”, “दलाली”, “फेक न्यूज की दुकान” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। टीवी टुडे नेटवर्क ने अदालत से इन टिप्पणियों और संबंधित सामग्री को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से हटाने का निर्देश देने की मांग की है।
NEET बहस के बाद बढ़ा विवाद
यह विवाद नीट परीक्षा प्रणाली पर आयोजित एक लाइव डिबेट के बाद सामने आया। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान अंजना ओम कश्यप ने कुछ ऑनलाइन शिक्षकों पर टिप्पणी करते हुए उन्हें “व्यूज के लिए काम करने वाले एक्सप्लेनर” और “फ्रॉड” बताया था। इसके बाद खान सर की ओर से की गई कथित प्रतिक्रियाओं को लेकर विवाद गहरा गया।
कल होगी हाईकोर्ट में सुनवाई
मामले की सुनवाई दिल्ली हाईकोर्ट की अवकाशकालीन पीठ में न्यायमूर्ति नीना बंसल कृष्णा के समक्ष होने की संभावना है। अदालत में टीवी टुडे नेटवर्क और अंजना ओम कश्यप ने न केवल विवादित टिप्पणियों को हटाने की मांग की है, बल्कि अपनी प्रतिष्ठा को हुए कथित नुकसान के लिए 2 करोड़ रुपये के हर्जाने की भी मांग की है। यह मामला अब मीडिया, शिक्षा जगत और सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की सीमा को लेकर नई बहस को जन्म दे सकता है।
