Jamshedpur News: ऑफ-सीजन में टली बस किराया बढ़ोतरी, 15% वृद्धि के फैसले पर फिलहाल ब्रेक

Jamshedpur News: ऑफ-सीजन में टली बस किराया बढ़ोतरी, 15% वृद्धि के फैसले पर फिलहाल ब्रेक

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर: भुइयांडीह जेपी सेतु बस पड़ाव से झारखंड के विभिन्न जिलों और बिहार के लिए चलने वाली बसों के किराये में प्रस्तावित 15 प्रतिशत बढ़ोतरी फिलहाल लागू नहीं हो सकी है। यात्रियों की कम संख्या और ऑफ-सीजन को देखते हुए अधिकांश बस संचालक अभी भी पुरानी दरों पर ही किराया वसूल रहे हैं। हालांकि टाटा-चाईबासा मार्ग पर किराया बढ़ोतरी का असर देखने को मिल रहा है। इस रूट पर यात्रियों से 100 रुपये के बजाय 120 रुपये किराया लिया जा रहा है, जिसे लेकर कई बार बस स्टाफ और यात्रियों के बीच नोकझोंक की स्थिति भी बन रही है। वहीं जमशेदपुर से धनबाद, बोकारो और पुरुलिया जाने वाले यात्रियों से फिलहाल पुराने किराये के अनुसार ही राशि ली जा रही है।

बस ऑनर्स एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक उपेंद्र शर्मा ने बताया कि डीजल की बढ़ती कीमतों और परिचालन खर्च में लगातार वृद्धि के कारण किराया बढ़ाना आवश्यक हो गया है। इसके लिए एसोसिएशन की ओर से सर्कुलर भी जारी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में गर्मी और ऑफ-सीजन के कारण यात्रियों की संख्या काफी कम है, जिससे नई दरों को सख्ती से लागू करना व्यावहारिक रूप से कठिन हो रहा है। उन्होंने संकेत दिया कि यात्री संख्या बढ़ने और सीजन शुरू होने के साथ ही 15 प्रतिशत किराया वृद्धि को पूरी तरह लागू किया जा सकता है। फिलहाल अधिकांश रूटों पर यात्रियों को पुराने किराये पर ही यात्रा की सुविधा मिल रही है।

Share This Article