चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र स्थित सागजोड़ी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। अजम्बर चौक के पास स्थित कुएं में डूबने से हरीश भूमिज की जान चली गई, जिसके बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान शंकर भूमिज के पुत्र हरीश भूमिज के रूप में हुई है। बताया गया कि हरीश अपनी छोटी बहन के साथ कुएं पर नहाने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में गिर गया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर आसपास मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कुएं में तलाशी अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद किशोर को बाहर निकाला गया और तत्काल स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना पर जराईकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए खुले कुओं की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग प्रशासन से की है।
