सरायकेला-खरसावां: चांडिल थाना क्षेत्र के टाटा-रांची मार्ग स्थित एनएच-33 पर कारनीडीह-भादुडीह के पास रविवार सुबह करीब 7:30 बजे दो सवारी ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टक्कर के बाद एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक एनएच-33 पर यातायात भी प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय युवक शेखर गांगुली और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार दोनों ऑटो चांडिल की ओर से टाटा जा रहे थे। इसी दौरान ओवरटेक करने के प्रयास में दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई, जिससे एक ऑटो पलट गया। चांडिल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
