राखा कॉपर प्लांट विस्तार पर बवाल, पेड़ कटाई के विरोध में ग्रामीणों ने रुकवाया काम

राखा कॉपर प्लांट विस्तार पर बवाल, पेड़ कटाई के विरोध में ग्रामीणों ने रुकवाया काम

Johar News Times
3 Min Read

जादूगोड़ा: साउथ वेस्ट माइनिंग लिमिटेड द्वारा संचालित राखा कॉपर प्लांट के विस्तार कार्य को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि फॉरेस्ट लैंड से सटे क्षेत्र में जमीन समतलीकरण के दौरान बिना ग्रामसभा की अनुमति के दर्जनों हरे-भरे पेड़ों की कटाई की गई। इसके विरोध में रूआम ग्रामसभा के लोगों ने कार्यस्थल पर पहुंचकर काम बंद करा दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट की गतिविधियों के कारण पहले ही क्षेत्र के जलस्रोत प्रभावित हुए हैं और अब बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई से पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। सूचना मिलने पर मुसाबनी प्रमुख रामदेव हेम्ब्रम भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ विरोध जताते हुए काम रुकवाया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र ग्रामसभा के अधिकार क्षेत्र में आता है और बिना स्थानीय स्वीकृति के पेड़ों की कटाई कानून का उल्लंघन है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नियमों की अनदेखी जारी रही तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

घटना के बाद बड़ा रूआम गांव में ग्राम प्रधान बलराम माड़ी की अध्यक्षता में आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें कंपनी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में साईबा हेम्ब्रम, हाड़ी राम सोरेन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। वहीं कंपनी की ओर से अधिकारी अभय पांडेय ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संबंधित भूमि अधिग्रहित क्षेत्र में आती है और इसके लिए आवश्यक विभागीय स्वीकृतियां प्राप्त की गई हैं। उनका कहना है कि वन विभाग और संबंधित अधिकारियों से अनुमति लेने के बाद ही कार्य शुरू किया गया है।

कंपनी का दावा है कि लगभग 25 वर्षों बाद इस परियोजना को पुनः शुरू किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही कटे हुए पेड़ों के बदले बड़े पैमाने पर पौधारोपण करने की भी योजना है। कंपनी के अनुसार विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विशेष पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। फिलहाल पेड़ कटाई और पर्यावरणीय प्रभाव को लेकर कंपनी और ग्रामीणों के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय प्रशासन की भूमिका और आगे की कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों की नजर टिकी हुई है।

Share This Article