जमशेदपुर के बागुनहातु घाट में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ धालभूमगढ़ अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए बालू लदे 3 अवैध 407 वाहनों को जब्त किया है।
प्रशासन द्वारा पिछले तीन दिनों से लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बहरागोड़ा के बड़सोल क्षेत्र में 6 ट्रक और 1 ट्रैक्टर को भी अवैध बालू परिवहन के आरोप में जब्त किया गया। वहीं इससे पहले बहरागोड़ा मुख्य क्षेत्र में 3 ट्रिप ट्रेलर और एक ट्रैक्टर पर कार्रवाई की गई थी।

खनन विभाग और प्रशासन की इस लगातार कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रही छापेमारी से यह स्पष्ट है कि प्रशासन अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए पूरी तरह गंभीर है और किसी भी हाल में अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
