धनबाद जिले के बीसीसीएल बरोरा एरिया स्थित एएमपी कोलियरी में कार्यरत 52 वर्षीय सुभाष बाउरी की बुधवार सुबह खोदो नदी में स्नान के दौरान मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वे भेलव मेन के पद पर कार्यरत थे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुभाष बाउरी मिर्गी की बीमारी से पीड़ित थे। आशंका जताई जा रही है कि स्नान के दौरान उन्हें अचानक दौरा पड़ा, जिससे वे नदी में बेहोश हो गए और उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां कोहराम मच गया। इसके बाद बरोरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक मुराइडीह कॉलोनी में जलापूर्ति कार्य से जुड़े हुए थे। उनका परिवार मूल रूप से बोकारो जिले के पिंडराजोड़ा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वे अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद श्रमिक संगठनों ने बीसीसीएल प्रबंधन से मृतक के आश्रित को तत्काल नियोजन देने की मांग की है। साथ ही, मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।
