जोड़ापोखर झरिया क्षेत्र के करीब 3 लाख लोगों को अगले दो दिनों तक पानी की बूंद-बूंद के लिए तरसना पड़ेगा। जामाडोबा जल संयंत्र के जीतपुर जोड़िया के पास शनिवार को झरिया जलमीनार को आने वाली 36 इंच की मुख्य पाइपलाइन फट गई। इस लीकेज के कारण लाखों गैलन पानी बहकर बर्बाद हो गया।
इन इलाकों में ठप रहेगी सप्लाई
हादसे के तुरंत बाद झरिया जलमीनार से होने वाली सप्लाई को पूरी तरह ठप कर दिया गया है। इस खराबी के कारण झरिया शहर, बनियहिर, बस्ताकोला, चौथाई कुल्ही और आसपास के कोलियरी क्षेत्रों में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी। इन इलाकों के लोग पूरी तरह झमाडा की जलापूर्ति पर ही निर्भर हैं, जिससे अब वहां पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
यहां मिलती रहेगी राहत
राहत की बात यह है कि जोड़ापोखर झरिया-2 की जलापूर्ति डिगवाडीह, पाथरडीह,बरारी,बागडिगी ,जोड़ापोखर ,फुशबंग्ला इस हादसे से प्रभावित नहीं होगी। वहां पहले की तरह पानी की सप्लाई जारी रहेगी।
कार्यपालक अभियंता आशुतोष राणा का बयान
झमाडा के कार्यपालक अभियंता आशुतोष राणा ने बताया कि 36 इंच का पाइप क्षतिग्रस्त होने से भारी मात्रा में पानी बर्बाद हुआ है। मरम्मत कार्य के लिए ठेकेदार को निर्देश दे दिए गए हैं। पाइपलाइन को ठीक करने में कम से कम दो दिनों का समय लगने की संभावना है। झरिया क्षेत्र के लोगों को अब सोमवार को ही पानी मिल पाएगा।
