चाईबासा, झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहाँ पथ निर्माण विभाग (PWD) के एक लिपिक (Clerk) को नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान सचिन सिंह के रूप में हुई है, जो चक्रधरपुर का निवासी है और मनोहरपुर स्थित पथ निर्माण विभाग के कार्यालय में कार्यरत है।
स्कूल दिखाने के बहाने ले गया जंगल घटना बीते 4 मई की है। आरोपी सचिन सिंह सोनुआ थाना क्षेत्र के एक गांव पहुँचा और नाबालिग लड़की से स्कूल जाने का रास्ता पूछने लगा। आरोपी ने झांसा देकर बच्ची को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया और स्कूल से आगे निकलते हुए उसे जंगल की ओर सुनसान इलाके में ले गया। वहाँ आरोपी ने पीड़िता के साथ जबरदस्ती करने और दुष्कर्म का प्रयास शुरू कर दिया।
ग्रामीणों की आहट पाकर बाइक छोड़ भागा बच्ची के शोर मचाने पर रास्ते से गुजर रहे कुछ ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने बच्ची को वहीं छोड़ दिया और अपनी बाइक लेकर भागने लगा। लेकिन चढ़ाई वाला रास्ता होने के कारण उसकी बाइक गिर गई। ग्रामीण उसे पकड़ पाते, इससे पहले ही वह अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक वहीं छोड़कर पैदल ही भाग निकला।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई पीड़िता की मां द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद सोनुआ थाना पुलिस ने तत्परता दिखाई और आरोपी लिपिक को धर दबोचा। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की चिकित्सीय जांच (Medical Test) करा ली गई है और कोर्ट में उसका बयान भी दर्ज करा दिया गया है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।








