- झामुमो का जोरदार प्रदर्शन: चाईबासा उपायुक्त कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय महाधरना, केंद्र की जनविरोधी नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प।
चाईबासा, 07 मई: देश में बढ़ती महंगाई और आर्थिक बोझ के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने गुरुवार को चाईबासा के पुराने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष हुंकार भरी। जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम के नेतृत्व में आयोजित इस एक दिवसीय महाधरना में वक्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और उसे ‘महंगाई पर नियंत्रण पाने में विफल’ करार दिया।

आम जनता त्रस्त, सरकार मस्त: सोनाराम देवगम
धरना को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने कहा कि केंद्र सरकार आम जनता की समस्याओं को दरकिनार कर केवल पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने में जुटी है। उन्होंने कहा, “पिछले कुछ महीनों में पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और खाद्य पदार्थों की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। आमदनी स्थिर है और खर्च कई गुना बढ़ गया है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग का जीना मुहाल हो गया है।”
निजीकरण और कॉरपोरेट प्रेम पर हमला
झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकारी संपत्तियों का निजीकरण और बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ करना यह दर्शाता है कि भाजपा की नीतियां केवल कॉरपोरेट घरानों के लिए हैं। चुनावी वादों की याद दिलाते हुए श्री देवगम ने कहा कि जो सरकार महंगाई कम करने के नाम पर सत्ता में आई थी, आज वही बेरोजगारी और महंगाई के दोहरे संकट पर मौन है।

गांव-गांव तक जाएगा आंदोलन
पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कीमतों पर लगाम नहीं लगाई गई, तो जिले भर में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। झामुमो कार्यकर्ता केंद्र की इन ‘जनविरोधी नीतियों’ का कच्चा चिट्ठा लेकर गांव-गांव जाएंगे और जनता को जागरूक करेंगे।
दिग्गज नेताओं की उपस्थिति
महाधरना में मुख्य रूप से जिला परिषद अध्यक्ष सुश्री लक्ष्मी सुरेन, जिला उपाध्यक्ष दीपक कुमार प्रधान, मदन गागराई, मंगल सिंह तिउ समेत दर्जनों वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव राहुल आदित्य ने किया और धन्यवाद ज्ञापन जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी द्वारा किया गया।
प्रमुख उपस्थिति: सागर महतो, तारकांत सिजुई, सनातन पिंगुवा, सोमबारी बाहँदा, सुखमति बानरा, सोमनाथ चातर, बिरसा तिउ, अकबर खान, प्रेम मुंडरी, इक़बाल अहमद, राजाराम गुप्ता एवं हजारों की संख्या में झामुमो कार्यकर्ता।










