24 April 2026 | News Bulletin | Johar News Times

Johar News Times
11 Min Read

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची में आयोजित ‘मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह सह मुखिया सम्मेलन 2026’ में हिस्सा लिया। इस अवसर पर राज्यभर से आए पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में उत्कृष्ट ग्राम पंचायतों को सम्मानित कर प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने जिला परिषद और पंचायत प्रतिनिधियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि गांवों के समग्र विकास में पंचायतों की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार पंचायतों को सशक्त बनाने और योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। कार्यक्रम में दीपिका पांडे सिंह, इरफान अंसारी, शिल्पी नेहा तिर्की, सुरेश बैठा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतों को सम्मानित किया गया, जिसे ग्रामीण विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह कोलकाता में हुगली नदी के किनारे पहुंचे। यहां उन्होंने कुछ समय बिताते हुए नाविकों और स्थानीय लोगों से बातचीत की और राज्य के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान पीएम मोदी ने फोटोग्राफी में भी रुचि दिखाई और विद्यासागर सेतु व हावड़ा ब्रिज समेत हुगली नदी के किनारों की तस्वीरें खींचकर सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने कहा कि गंगा हर बंगाली के लिए बेहद खास है और यह राज्य की आत्मा से जुड़ी हुई है। अपने संदेश में उन्होंने मां गंगा के प्रति आभार जताते हुए इसकी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्ता को रेखांकित किया। साथ ही नाविकों की मेहनत की सराहना की और मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों से भी मुलाकात की। इससे पहले राज्य में हुए मतदान में करीब 92.72 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई, हालांकि कुछ जगहों पर हल्की हिंसा की घटनाएं भी सामने आईं।

- Advertisement -
Ad image

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा की बड़ी जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि पहले चरण के रुझानों से स्पष्ट है कि भाजपा 110 से अधिक सीटें जीतकर राज्य में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी। अमित शाह ने रिकॉर्ड मतदान को बदलाव की लहर बताते हुए कहा कि जनता अब परिवर्तन चाहती है और इस बार मतदाताओं ने बिना डर के वोट डाला। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑल इंडिया त्रिणमूल कांग्रेस के दबाव का असर इस बार नहीं दिखा। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर निशाना साधते हुए भ्रष्टाचार, सिंडिकेट राज और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। शाह ने भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार बनने पर रोजगार, महिला सुरक्षा और विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। उनके इस बयान से बंगाल की चुनावी सियासत और तेज हो गई है।


झारखंड के धनबाद जिले के सोनारडीह (कतरास) स्थित टंडाबारी में गुरुवार देर रात भयावह भू-धंसान की घटना से हड़कंप मच गया। अचानक जमीन धंसने से आधी बस्ती करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में तब्दील हो गई और दर्जनों पक्के मकान जमींदोज हो गए। पूर्व प्रमुख मीनाक्षी रानी गुड़िया का घर भी इस हादसे में पूरी तरह समा गया। आधी रात जमीन फटने और घर ढहने की तेज आवाज से लोग दहशत में जाग गए और बच्चों को लेकर घरों से बाहर भागे। इस अफरा-तफरी में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना से नाराज लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताते हुए सुरक्षा और पुनर्वास की मांग पर NH-32 को जाम कर दिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस और CISF बल मौके पर तैनात कर दिए गए हैं।


लोहरदगा में एनएच-39 पर भीषण सड़क हादसा, तीन की मौत,,शराब लदा वाहन और स्कूटी में टक्कर,,नेशनल हाईवे 39 पर कुड़ू-रांची मुख्य मार्ग स्थित ढुलुवाखुंटा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए हाईवे जाम हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक मालवाहक 407 वाहन, जिसमें सरकारी शराब लदी थी, रांची से कुड़ू की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी को वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायल महिला को इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। हादसे के बाद करीब दो घंटे तक एनएच-39 पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम हटाया और स्थिति को सामान्य किया। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


झारखंड में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। झारखंड स्टेट बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए शॉर्ट टर्म ई-प्रोक्योरमेंट नोटिस जारी किया है। इनमें सबसे प्रमुख राजेन्द्र इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में 256.17 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक ओपीडी ब्लॉक का निर्माण है, जिसे 24 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। रिम्स में मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण वर्तमान ओपीडी सेवाओं पर भारी दबाव है। नए ओपीडी ब्लॉक के निर्माण से मरीजों को राहत मिलेगी और इलाज की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित हो सकेगी। प्रस्तावित ओपीडी ब्लॉक में विभिन्न विभागों के अलग काउंटर, डिजिटल पंजीकरण और कतार प्रबंधन प्रणाली, बेहतर प्रतीक्षालय, आधुनिक जांच और परामर्श सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही दिव्यांग अनुकूल ढांचे पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे सभी मरीजों को सुविधाजनक इलाज मिल सके।

- Advertisement -
Ad image

झारखंड में विदेशों में बैठे अपराधियों पर कार्रवाई तेज करने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। झारखंड सीआईडी के तहत पहली बार विशेष एक्सट्रेडिशन सेल का गठन किया गया है, जिसका उद्देश्य राज्य में बैठकर अपराध संचालित करने वाले अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर शिकंजा कसना है। यह सेल एडीजी मनोज कौशिक के नेतृत्व में काम करेगा। इसमें एक डीएसपी, पांच इंस्पेक्टर और दो कानूनी विशेषज्ञ शामिल होंगे, जो प्रत्यर्पण और अंतरराष्ट्रीय कानून में दक्ष होंगे। यह टीम सीबीआई, विदेश मंत्रालय और इंटरपोल के साथ समन्वय कर काम करेगी। अपराधियों की लोकेशन मिलते ही रेड या ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी कर कार्रवाई शुरू की जाएगी। सेल सोशल मीडिया, आईपी एड्रेस और वित्तीय स्रोतों का डेटा बैंक तैयार करेगा और प्रिंस खान जैसे फरार अपराधियों पर खास नजर रखेगा।


राजधानी रांची के प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर परिसर में गुरुवार देर रात एक गार्ड की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिरसा मुंडा के रूप में हुई है, जो मंदिर में सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे थे। घटना के अनुसार, देर रात ड्यूटी के दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह पुजारी और स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ शव देखा, जिसके बाद आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। राकेश रंजन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मंदिर परिसर को सील कर फॉरेंसिक जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।


सर्राफा बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट जारी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी का असर भारतीय बाजार पर साफ दिख रहा है, जिसके चलते सोना लगातार पांचवें दिन सस्ता हुआ है और चांदी के दाम में भी बड़ी कमी आई है। जानकारी के मुताबिक, सोने की कीमत में आज 1,100 से 1,200 रुपये प्रति 10 ग्राम तक की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं चांदी के दाम में करीब 5,000 रुपये प्रति किलोग्राम की कमी आई है, जिससे निवेशकों और खरीदारों में हलचल है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना करीब 0.49 प्रतिशत गिरकर 4,675.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है, जबकि चांदी 76.37 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है। इसका सीधा असर घरेलू बाजार पर पड़ा है। दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत घटकर करीब 2,59,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई है, जिससे आगे भी कीमतों में उतार-चढ़ाव की संभावना बनी हुई है।

- Advertisement -
Ad image

झारखंड में भीषण गर्मी का असर लगातार जारी है और राजधानी रांची सहित कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। तेज धूप और लू के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज और कल तक हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। हालांकि इसके बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक 26 से 28 अप्रैल के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की बारिश, बूंदाबांदी और कहीं-कहीं मेघगर्जन की संभावना जताई गई है। बारिश और बादलों के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।


जोहार न्यूज़ टाइम्स के साथ जुड़ें और पाएं हर पल की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें।
लेटेस्ट अपडेट्स सबसे पहले पाने के लिए हमारे प्लेटफॉर्म को अभी लाइक, सब्सक्राइब और विजिट करें। joharnewstimes.com

Share This Article