हजारीबाग: जिले की चरही घाटी में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब कोल्ड ड्रिंक से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में ट्रक का चालक वाहन के अंदर ही फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक में लदी बड़ी संख्या में कोल्ड ड्रिंक की बोतलें सड़क पर बिखर गईं और अधिकांश बोतलें टूटकर क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही चरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को ट्रक से बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए घाटी मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
