सिल्ली पॉलिटेक्निक में आयोजित “National Hands-on Workshop on Industry-Oriented Automation and IoT Systems के उद्घाटन समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छात्रों को तकनीकी कौशल और नवाचार से जुड़ने का कड़ा संदेश दिया। राज्यपाल ने साफ कहा कि आने वाला समय उन्हीं युवाओं का है जो नई तकनीक सीखने और उसे अपनाने के लिए खुद को तैयार रखेंगे।
राज्यपाल गंगवार ने इस बात पर जोर दिया कि आज के दौर में ऑटोमेशन, इंटरनेट ऑफ थिंग्स , आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और स्मार्ट टेक्नोलॉजी हर क्षेत्र को तेजी से बदल रही हैं। ऐसे में युवाओं के लिए उद्योग आधारित तकनीकी शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण लेना बेहद जरूरी हो गया है।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं—“डिजिटल इंडिया”, “स्टार्टअप इंडिया”, “स्किल इंडिया” और “आत्मनिर्भर भारत”—का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश इस समय तकनीक आधारित विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और नई शिक्षा नीति में भी स्किल बेस्ड एजुकेशन पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया गया है।
उन्होंने छात्रों से एक महत्वपूर्ण अपील करते हुए कहा:
युवा केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित न रहें, बल्कि लगातार नई तकनीकों को सीखते रहें। झारखंड के युवाओं में अपार प्रतिभा है। अगर उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो वे न केवल नौकरी पाने वाले बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाले भी बन सकते हैं।
