हज़ारीबाग ट्रेज़री से 15 करोड़ से अधिक की अवैध निकासी, 8 साल से चल रहा था खेल

हज़ारीबाग ट्रेज़री से 15 करोड़ से अधिक की अवैध निकासी, 8 साल से चल रहा था खेल

Johar News Times
2 Min Read

तीन पुलिसकर्मी हिरासत में, 21 बैंक खाते सील, 1.60 करोड़ सुरक्षित; फर्जी पे-आईडी बनाकर निकाली गई सरकारी राशि

हजारीबाग, जिला कोषागार, हजारीबाग से जुड़े बड़े वित्तीय गड़बड़ी मामले का खुलासा हुआ है। कोषागार एवं सांस्थिक वित्त निदेशालय, वित्त विभाग, झारखंड सरकार द्वारा किए गए डेटा विश्लेषण में पिछले आठ वर्षों के दौरान दो बैंक खातों में कुल 15 करोड़ 41 लाख 41 हजार 485 रुपये के संदिग्ध लेनदेन की जानकारी सामने आई है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच दल का गठन किया। जांच में पाया गया कि अस्थायी पे-आईडी बनाकर अवैध तरीके से सरकारी राशि की निकासी की गई और उसे विभिन्न संदिग्ध बैंक खातों में स्थानांतरित किया गया। जांच के बाद 21 संदिग्ध बैंक खातों को फ्रीज करने का निर्देश दिया गया, जिनमें जमा करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपए की राशि को भी फ्रिज कर लिया गया है।
मामले की जांच में पुलिस विभाग की लेखा शाखा में कार्यरत तीन सिपाहियों शंभु कुमार, रजनीश सिंह और धीरेन्द्र सिंह की संलिप्तता सामने आई है। पूछताछ के दौरान तीनों ने अपनी भूमिका स्वीकार की है। इस संबंध में कोषागार पदाधिकारी द्वारा लोहसिंगना थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने तीनों आरोपितों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

- Advertisement -
Ad image

Share This Article