जमशेदपुर स्थित प्रतिष्ठित संस्थान XLRI – Xavier School of Management के छात्रों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है। अमेरिका में आयोजित ‘इंटरनेशनल बिजनेस एथिक्स एंड सस्टेनेबिलिटी केस कॉम्पिटिशन (IBESCC) 2026’ में संस्थान की टीमों ने कई प्रमुख श्रेणियों में शीर्ष स्थान हासिल किए।
यह वैश्विक प्रतियोगिता लॉस एंजिलिस स्थित लोयला मैरीमाउंट यूनिवर्सिटी में आयोजित हुई, जिसमें 7 देशों की 41 यूनिवर्सिटियों की 59 टीमों और 270 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में XLRI की ‘टीम नेक्सस कॉर्पोरेशन’ ने 25 मिनट और 10 मिनट की प्रस्तुति श्रेणियों में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं 90 सेकंड प्रस्तुति श्रेणी में टीम को रनर-अप का खिताब मिला। इसके अलावा ‘बीई कंसल्टिंग’ और ‘क्लाइमेट कॉम्पेंसेटर्स’ टीमों ने भी 25 मिनट श्रेणी में उपविजेता स्थान प्राप्त कर संस्थान की उपलब्धियों में और इजाफा किया।
इन छात्रों को प्रतियोगिता के लिए जेआरडी टाटा फाउंडेशन फॉर बिजनेस एथिक्स द्वारा विशेष प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया गया था। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने केस स्टडी विश्लेषण, एथिकल निर्णय और सस्टेनेबिलिटी जैसे चुनौतीपूर्ण चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस सफलता के साथ XLRI ने एक बार फिर वैश्विक स्तर पर अपनी अकादमिक उत्कृष्टता, नैतिक नेतृत्व और सस्टेनेबिलिटी के क्षेत्र में मजबूत पहचान को साबित किया है।









