सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय उच्च पथ (NH) पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते एक सप्ताह में दर्जनों दुर्घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें चार से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जिससे इलाके में चिंता का माहौल है।
ताजा मामला बुधवार तड़के करीब 4 बजे का है, जब दो बड़े मालवाहक वाहन आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आंध्र प्रदेश से आ रहे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर बहाल किया गया।
लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं ने राष्ट्रीय उच्च पथ पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ठोस कदम उठाने और दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने की मांग की है।









