रांची के मांडर टोल प्लाजा पर देर रात एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, शादी समारोह में शामिल होने जा रहे करीब 50-60 लोगों का एक समूह टोल प्लाजा पहुंचा, जहां किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते बवाल में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर लोग जबरन टोल प्लाजा परिसर में घुस आए और लाठी-डंडों से कर्मचारियों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने टोल मैनेजर समेत कई कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद अन्य लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने को मजबूर हो गए।
इस हमले में टोल मैनेजर सहित करीब आधा दर्जन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। कुछ कर्मचारियों के सिर में गहरी चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को रिम्स रेफर किया गया।
टोल मैनेजर ने आरोप लगाया है कि भीड़ ने सुनियोजित तरीके से हमला किया। घटना के बाद मांडर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान कर छापेमारी की जा रही है।









