Patna Protest News : पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों का हंगामा, पत्थरबाजी के बाद आंसू गैस और लाठीचार्ज

Patna Protest News : पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों का हंगामा, पत्थरबाजी के बाद आंसू गैस और लाठीचार्ज

Johar News Times
2 Min Read

पटना: बिहार की राजधानी पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार को छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। रेलवे यात्रा व्यवस्था और ट्रेनों में भीड़ को लेकर विरोध कर रहे अभ्यर्थियों ने स्टेशन परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान ट्रेन में तोड़फोड़, रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पत्थरबाजी की घटनाएं भी सामने आईं। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने मोर्चा संभाला। अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन पत्थरबाजी शुरू होने के बाद आंसू गैस के गोले छोड़े गए। साथ ही चेतावनी स्वरूप हवाई फायरिंग और लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया गया।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने पहले से दो विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्व भीड़ में शामिल हो गए, जिससे हालात बिगड़े।

पटना रेंज के आईजी जितेंद्र राणा के अनुसार, स्टेशन पर करीब 200 से 250 छात्र मौजूद थे और उनके प्रदर्शन से रेलवे परिचालन प्रभावित हो रहा था। पुलिस कार्रवाई के बाद ट्रैक और स्टेशन परिसर खाली करा लिया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। घटना के बाद स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने की बात कही है।

Share This Article