अवैध डीजल-पेट्रोल कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 14 हजार लीटर ईंधन जब्त; 4 गिरफ्तार

अवैध डीजल-पेट्रोल कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 14 हजार लीटर ईंधन जब्त; 4 गिरफ्तार

Johar News Times
2 Min Read

रायपुर: अवैध डीजल-पेट्रोल के कारोबार के खिलाफ रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान करीब 14,100 लीटर अवैध ईंधन, एक टैंकर, नकदी और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 35.45 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कान्हा ढाबा के पीछे ईपी रोलिंग मिल के पास भारी मात्रा में पेट्रोल और डीजल का अवैध भंडारण कर उसकी रीसेलिंग और कटिंग का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही कबीर नगर थाना पुलिस ने विशेष टीम के साथ मौके पर छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया, उमेश साव, रामजी यादव और धर्मेंद्र साव को गिरफ्तार किया। जांच में पाया गया कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेजों के ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण कर रहे थे। साथ ही सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए बड़ी मात्रा में ईंधन रखा गया था, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी उरला और आमानाका थाना क्षेत्रों में अवैध तेल कारोबार के मामलों में पकड़े जा चुके हैं। इनके खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध ईंधन की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या थी।

Share This Article