नई दिल्ली: अंडर-18 एशिया कप 2026 में भारतीय हॉकी टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया है। जापान के काकामिगाहारा में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने मेजबान जापान को 4-1 से हराकर एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया और स्वर्ण पदक जीता। वहीं भारतीय महिला टीम ने कांस्य पदक हासिल कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
भारतीय पुरुष टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दोनों टीमों को बधाई दी है। सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन उनके समर्पण, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचायक है। उन्होंने पुरुष टीम को एशियाई चैंपियन बनने और महिला टीम को कांस्य पदक जीतने पर शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रपति ने कहा कि युवा खिलाड़ियों की यह उपलब्धि देशभर के युवाओं को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय हॉकी का भविष्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के हाथों में सुरक्षित है और दोनों टीमों का प्रदर्शन आने वाले वर्षों में भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अंडर-18 एशिया कप में भारत की इस सफलता को भारतीय हॉकी के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिसने एक बार फिर महाद्वीपीय स्तर पर देश की ताकत का प्रदर्शन किया है।
