वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, रामगढ़ के तत्वावधान में शनिवार को पतरातू प्रक्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पतरातू डैम परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर प्रकृति को सहेजने और आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
वन क्षेत्र पदाधिकारी के नेतृत्व में चला सफाई अभियान
पर्यावरण दिवस के मौके पर वन क्षेत्र पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। वन विभाग की टीम ने पतरातू डैम और उसके आसपास के डंपिंग एंगल्स व पर्यटक क्षेत्रों में बिखरे प्लास्टिक, कचरे और बोतलों को चुनकर साफ किया। इस अभियान का उद्देश्य सैलानियों और स्थानीय दुकानदारों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था।
“प्लास्टिक थैलों को कहें ना…” — वन क्षेत्र पदाधिकारी की अपील
सफाई अभियान के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए वन क्षेत्र पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने पर्यावरण संतुलन पर जोर दिया। उन्होंने कहा:
“ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के इस दौर में पर्यावरण को संतुलित बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। पतरातू डैम की खूबसूरती और यहाँ के पर्यावरण को बचाने के लिए आम लोग सिंगल यूज प्लास्टिक और प्लास्टिक के थैलों का उपयोग पूरी तरह बंद करें। इसकी जगह जूट या कपड़े के थैलों को अपनी आदत में शुमार करें।”
अभियान में इन वनकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस गरिमामयी और सामाजिक जागरूकता के कार्यक्रम को सफल बनाने में वन विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। मौके पर मुख्य रूप से वनपाल अनिल कुमार, उत्तम कुमार, संतोष कुमार शर्मा, विजेंद्र कुमार, विकास कुमार, राम शंकर राम, सुमित टोप्पो, कारलियस टोप्पो, देवेंद्र सुरीन सहित भारी संख्या में वनरक्षी और स्थानीय पर्यावरण प्रेमी मौजूद थे।
